Friday, November 12, 2010

पारसी रंगमंच पर व्याख्यान का आयोजन




विवेचना द्वारा 23 मई 2010 को रानी दुर्गावती संग्रहालय कला वीथिका में देश के प्रख्यात रंगकर्मी, नाटककार और नाट्यविद् रणवीर सिंह ने पारसी रंगमंच: इतिहास और योगदान विषय पर व्याख्यान दिया। श्री रणवीर सिंह के द्वारा पारसी रंगमंच पर व्यापक शोध किया गया है। पारसी रंगमंच पर उनकी किताब बहुत महत्वपूर्ण है। श्री रणवीर सिंह ने अनेक नाटक लिखे हैं। सराये की मालकिन, एन्टीगनी आदि उनके नाट्य रूपांतर हैं जो प्रसिद्ध हैं। उनकी दो नई किताबें कुछ दिनों में आ रही हैं। श्री रणवीर सिंह ने विदेशों का व्यापक दौरा किया है और विदेशों में नाटकों का अध्ययन किया है। वे इंटरनेशनल थियेटर इंस्टीट्यूट से जुड़े हुए हैं। वे वयोवृद्ध होने के बावजूद आज भी सक्रिय हैं और आज भी जयपुर विश्वविद्यालय में नाट्य विभाग में थियेटर पर कक्षाएं लेते हैं। इब्सन, गोल्दोनी, मोलियर और ओ नील जैसे चार नाटककारों पर उनकी एक नई किताब प्रकाशित होने जा रही है।
अपने व्याख्यान में रणवीर सिंह जी ने कहा कि पारसी रंगमंच हमारे देश में न केवल मनोरंजन का एक महत्वपूर्ण माध्यम रहा है वरन् उस दौर में देश की राजनीति से जुड़कर पारसी रंगमंच ने देश के स्वाधीनता आंदोलन में योगदान दिया है। पारसी रंगमंच के बनाव के बारे में न जाने कितनी कहानियां प्रचलित हैं। पारसी रंगमंच समय के साथ पैदा हुआ और अंततः समय के साथ खत्म हो गया पर अपने समय का यह अद्भुत दौर रहा।
इतिहास पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि सन् 1840 में ईरान से भारत आनेपर पारसी कम्पनी बनाई गई, जो सूरत में स्थापित अंग्रेजों की फैक्टियों में कार्यरत् विलायत से आए अंग्रेजों का मनोरंजन किया करती थी। कम्पनी का पहला नाटक पारसियों की रूचि और आदर्श रूस्तम सोहराब था जो गुजराती भाषा में लिखा गया था। सन् 1870 में थियेटर कम्पनी बनना शुरू हुईं जिसमें काम करने वाले मुसलमान और हिन्दू थे जिन्होंने नाटक हिन्दी और उर्दू में लिखे। चूंकि कम्पनी के मालिक पारसी थे इसीलिये इसे पारसी थियेटर कहा जाने लगा। लेकिन बाद में इनके मालिक हिन्दू मुसलमान सभी होते रहे। पुरानी फिल्मी कम्पनियां पारसी थियेटर के ढ़र्रे पर ही स्थापित हुईं जिसमें मालिक के बाद सभी लोग एक बंधी तनखाह में काम करते थे। पारसी थियेटर के नाटक सामाजिक, धार्मिक होने के साथ ही अंग्रेजों के विरूद्ध राजनीतिक भी लिखे जाते थे।
अपने लिखित व्याख्यान में श्री रणवीर सिंह ने विभिन्न पारसी नाटकों के अंश और गीत सुनाकर अपनी बात को स्पष्ट किया। विवेचना के इस शैक्षणिक आयोजन में बड़ी संख्या में युवा रंगकर्मी और साहित्यकार उपस्थित हुए।

बनारस में 'सूपना का सपना'


विवेचना जबलपुर को बनारस में आयोजित 11 दिवसीय सांस्कृतिक आंदोलन में 13 अपै्रल 2010 को ’सूपना का सपना’ का मंचन करने हेतु आमंत्रित किया गया। सेतु सांस्कृतिक केन्द्र के सचिव डा सलीम राजा बनारस में कई सालों से राष्टीय नाट्य समारोह का आयोजन करते हैं। इस समारोह में जिसे आन्दोलन का नाम दिया गया है, कलाकारों की रैली, भारतेन्दु और जयशंकर प्रसाद के निवास स्थानों पर गोष्ठियां आदि भी आयोजित की जाती हैं। 4 अप्रैल से 13 अप्रैल तक आयोजित इस समारोह में उषा गांगुली और अनिल भौमिक भी अपनी प्रस्तुतियों के साथ शामिल हुए। विवेचना के नाटक सूपना का सपना के लेखक शाहिद अनवर हैं। निर्देशन वसंत काशीकर ने किया है। प्रमुख भूमिका विवेचना के वरिष्ठ कलाकार सीताराम सोनी और संजय गर्ग निबाहते हैं। नाटक में इन्दु सूर्यवंशी के अभिनय को बहुत पसंद किया गया। बनारस के श्री नागरी नाटक मंडली के ऐतिहासिक रंगमंच पर सूपना का सपना की प्रस्तुति को दर्शकों ने बहुत सराहा। विवेचना से हिमांशु राय और वसंत काशीकर भारतेन्दु के घर जाकर उनके परिजनों से भी मिले।

जबलपुर में राजेश जोशी और अशोक भौमिक

जबलपुर में प्रगतिशील लेखक संघ और विवेचना ने मिलकर 13 व 14 फरवरी 2010 को दो दिवसीय आयोजन किया जिसमें पहले दिन राजेश जोशी, वीरेन डंगवाल और राजकुमार केसवानी का काव्यपाठ आयोजित हुआ। काव्यपाठ को सुनने के लिए रानी दुर्गावती संग्रहालय की कला वीथिका खचाखच भरी थी। शहर के साहित्यप्रेमियों में यह आयोजन बहुत सराहा गया। इस अवसर पर स्थानीय चित्रकारों की कविता पोस्टर प्रदर्शनी भी आकर्षण का केन्द्र रही। दूसरे दिन प्रसिद्ध चित्रकार अशोक भौमिक ने ’समकालीन भारतीय चित्रकला में जनवादी प्रवृत्तियां’ विषय पर व्याख्यान दिया। व्याख्यान का विशिष्टता दुनिया में चित्रकला के इतिहास पर पावर पाइ्रंट प्रस्तुति थी। इसके बहाने अशोक भौमिक ने भारतीय चित्रकला के इतिहास और महत्वपूर्ण चित्रकारों के चित्रों के बारे में बातचीत की। श्री अशोक भौमिक के व्याख्यान को श्रोताओं ने बहुत महत्वपूर्ण बताया।

Thursday, November 11, 2010

रंगआधार समारोह भोपाल में ’मित्र’


राकेश सेठी की संस्था ’रंगआधार’ हर सालत विश्व रंगमंच दिवस के अवसर पर राष्टीय नाट्य समारोह का आयोजन करती है। इसमें अधिकांश नाटक भोपाल की संस्थाओं के होते हैं साथ ही भोपाल के बाहर की संस्थाओं के नाटक भी आमंत्रित किये जाते हैं। पिछले तीन सालों से विवेचना को रंगआधार नाट्य समारोह में निरंतर आमंत्रित किया जा रहा है। विवेचना द्वारा पिछले समारोहों में मानबोध बाबू, सूपना का सपना नाटक मंचित हो चुके हैं। इस बार विवेचना जबलपुर ने रंगआधार समारोह में 30 मार्च को ’मित्र’ नाटक मंचित किया। नाटक में मुख्य भूमिका और निर्देशन की जिम्मेदारी विवेचना के कला निर्देशक वसंत काशीकर ने सम्हाली। वसंत काशीकर अनुभवी अभिनेता और निर्देशक हैं। लगभग 30 पूर्णकालिक नाटकों का निर्देशन उन्होंने किया है। मित्र नाटक में केवल पांच पात्र हैं। कहानी बहुत रोचक और भावनात्मक है। इस नाटक का मंचन विवेचना के सोलहवें राष्टीय नाट्य समारोह के पहले दिन हुआ था। वसंत काशीकर के निर्देशन में एक व्यवस्थित अनुशासन देखने को मिलता है। नाटक में हर अतिरेक को वो बरकाते हैं। सैट, लाइट, साउंड संगीत सभी को अपनी सीमा में उपयोग करते हुए अभिनय और दृश्य को केन्द्र में रखते हैं। इसीलिए उनके नाटक उपकरणों पर आधारित नहीं होते। मित्र में सधे अभिनय से उन्होंने प्रभावित किया लेकिन पहली बार मंच पर उतरी शैली कक्कड़ ने अपने अभिनय से दर्शकों का दिल जीत लिया। नाटक मित्र नाटक का प्रमुख पात्र दादा साहब बहुत ही स्वाभिमानी एवं कर्मठ व्यक्ति है। एक दिन रास्ते में चल रही लड़ाई में बीच बचाव करने पर कुछ उपद्रवी तत्व उस पर हमला कर देते हैं। उसके चेहरे पर चोट आती है और टांके लगाते समय उस पर पक्षाघात जैसी बीमारी हो जाती है। वे चल नहीं पाते। उनके इलाज के लिए एक नर्स रखी जाती है। दादा साहेब उस नर्स से बहुत चिढ़ते हैं और उससे दुश्मनों सा व्यवहार करते हैं। उनका बेटा बंगलोर में है और बेटी अमेरिका में। बेटी उन्हें अमेरिका ले जाना चाहती है पर वे जाना नहीं चाहते। उन्हें अपनी बेबसी बहुत परेशान करती है। नर्स मिसेस रूपवते की मेहनत से वे ठीक हो जाते हैं। दोनेां अच्छे मित्र बन जाते हैं।
इस सारे घटनाक्रम में बहुत रोचक उतार चढ़ाव आते हैं। जिससे मानवीय संबंधों की नर्इ्र नई परतें खुलती हैं। धर्म जाति लिंग उम्र आदि बाह्य बातों को बरकाकर दो इंसानों के बीच कैसे मित्रता पैदा होती है और पनपती है ये इस नाटक में दिखाया गया है। अकेले रहने वाले अलग अलग शारीरिक, मानसिक और भावनात्मक अवस्थाओं में रहने वाले कई दादा साहेब पुरोहित समाज में संघर्षपूर्ण जीवन जी रहे हैंं। जिनका सोचना है कि आजकल बूढ़े मरने से नहीं घबराते उन्हें जीने से डर लगता है। मिसेज रूपवते की भूमिका में शैली ने यह एहसास नहीं होने दिया कि वे पहली बार मंच पर उतरी हैं। मंच पर उनकी उपस्थिति पूरी सार्थकता देती है। वे मानों इसी पात्र के लिये बनी हैं। बेटे माधव की भूमिका में अभिषेक काशीकर, बेटी की भूमिका में अर्चना बिलथरिया और डाक्टर की भूमिका में संजय गर्ग ने अपने पात्रों के साथ पूरा न्याय किया। मित्र को देखना एक अच्छे नाटक को पूर्णता में देखने के अनुभव से गुजरना है। नाटक में घर का पूरा सैट परंपरागत तरीके से लगाया गया। संगीत और प्रकाश संयोजन ने नाटक को बहुत उंचाई दी।

Wednesday, November 10, 2010

हरदा में 'सूपना का सपना'

विवेचना को लगभग प्रतिवर्ष इप्टा हरदा द्वारा नाट्य मंचन हेतु आमंत्रित किया जाता है। हरदा म प्र का एक छोटा जिला है और छोटा सा शहर। यहां संजय तेनगुरिया और उनके साथियों ने अथक परिश्रम से एक बड़ा दर्शक वर्ग तैयार किया है। हरदा में अरविंद गौड़, बलवंत ठाकुर जैसे निर्देशक आकर अपनी प्रस्तुतियां कर चुके हैं। विवेचना के अनेक नाटक और कार्यशालाएं हरदा में हुई हैं। विवेचना ने और हरदा के दर्शकों ने यहां एक इतिहास बनाया है जब विवेचना के नाटक ’मायाजाल’ के एक शाम दो शो आयोजित हुए। पहला शो खत्म होने के बाद उसी स्थान पर आधे घंटे के अंतराल में दूसरा मंचन प्रारंभ हुआ। दोनों शो में हॉल दर्शको से ठसाठस भरा हुआ था। इसी हॉल में विवेचना के नाटक ’सूपना का सपना’ का मंचन हुआ। सूपना का सपना शाहिद अनवर का नाटक है जो विवेचना ने देश के प्रतिष्ठित मंचों पर किया है। ’सूपना का सपना’ हरदा मंे बहुत पसंद किया गया। हरदा में विवेचना का अपना दर्शक वर्ग है जो पिछले कई नाटकों में मंचनों से बना है। विवेचना का यह मंचन विगत 31 जनवरी 2010को हरदा में आयोजित हुआ।

मानबोध बाबू अलवर में सराहा गया


मानबोध बाबू अलवर में सराहा गया
इप्टा अलवर राजस्थान द्वारा एक राष्ट्रीय नाट्य समारोह का आयोजन अनेक वर्षांें से किया जा रहा है। फरवरी 2009 में विवेचना को अलवर में ’सूपना का सपना’ का मंचन करने के लिये आमंत्रित किया गया था। ’सूपना का सपना’ का मंचन अलवर में बहुत सराहा गया। सन् 2009 में ही इप्टा अलवर ने राष्ट्रीय नाट्य समारोह का आयोजन किया। इसमें 26 दिसंबर 2009 को विवेचना ने अपना प्रसिद्ध नाटक ’मानबोध बाबू’ किया। मानबोध बाबू चन्द्रकिशोर जायसवाल की एक कहानी है। इस कहानी का नाट्य रूपांतर कर विवेचना ने मानवीय मूल्यों से ओतप्रोत एक मनमोहक नाटक तैयार किया है। इस नाटक के मंचन पूरे देश में हुए हैं। एक रेल के डिब्बे में मानबोध बाबू सफर करते हैं। साथ मिल जाते हैं मोहनलाल जी। दोनों की बातचीत में से व्यंग्य, हास्य और मानव मन की गुत्थियां खुलती जाती हैं। ये सफर एक रहस्यपूर्ण अंत में बदल जाता है लेकिन दर्शकों को सिखा जाता है जीवन जीने की कला। अलवर मं मानबोध बाबू बहुत पसंद किया गया।